बिजली कटौती से तंग आए लोगों ने सड़क जाम की, पल्ला क्षेत्र में चार दिनों से अंधेरा

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। पल्ला क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज निवासियों ने बसंतपुर-सेहतपुर रोड पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बीते चार दिनों से उनके घरों तक बिजली नहीं पहुंच रही, जिससे उनका सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय निवासी सुशांत ने बताया कि हर रात करीब दस बजे बिजली काट दी जाती है और सुबह छह बजे केवल थोड़े समय के लिए आपूर्ति बहाल होती है।

लगातार कटौती के कारण लोग रात को ठीक से सो नहीं पा रहे और पीने के पानी का संकट भी गहरा गया है, जिससे मजबूरन लोगों को बाहर से पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग कॉलोनियों की बिजली काटकर सेक्टरों को आपूर्ति दे रहा है, जबकि कॉलोनीवासी भी नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

गुस्साए लोगों ने अपने दोपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर बसंतपुर-सेहतपुर रोड को कई घंटों तक जाम रखा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। जाम की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर रास्ता खुलवाया। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को भी इस मामले से अवगत करा दिया गया है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top