23 मई को सद्भाव यात्रा का रोहतक में होगा समापन, हूडा समेत जुटेंगे पार्टी के दिग्गज नेता

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामलों के विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में चल रही सद्भाव यात्रा का समापन 23 मई को रोहतक में किया जाएगा। यात्रा राजीव गांधी चौक से शुरू होकर दुर्गा भवन मंदिर चौक तक निकाली जाएगी। इसकी जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने वीरवार को मैना पर्यटन केंद्र में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

फोटो कैप्शनः रोहतकः पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां, पत्रकारों से बातचीत करते हुए।

उन्होंने बताया कि समापन कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। इनमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, फूलचंद मुलाना, बलबीर पाल शाह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर और उदयभान पूनिया के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला को भी निमंत्रण भेजा गया है।

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि बृजेंद्र सिंह ने सभी नेताओं को व्यक्तिगत पत्र लिखकर आमंत्रित किया है। समापन समारोह में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र यात्रियों का स्वागत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देंगे और उम्मीद है कि वे कार्यक्रम में जरूर शामिल होंगे।

उन्होंने दावा किया कि हरियाणा के 60 वर्षों के इतिहास में पहली बार इतनी लंबी पैदल यात्रा निकाली गई है, जिसने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में करीब 2800 किलोमीटर का सफर तय किया। इस यात्रा से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिली है और पुराने नेताओं व कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम हुआ है। साथ ही सामाजिक भाईचारे को भी बढ़ावा मिला है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की सहमति के बाद ही बृजेंद्र सिंह ने इस सद्भाव यात्रा की शुरुआत की थी। यात्रा 5 अक्टूबर को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव दानौदा स्थित बिनैन खाप के चबूतरे से शुरू हुई थी। इस मौके पर मीडिया प्रभारी एडवोकेट अमित काजल, युवा कांग्रेस नेता हेमंत बख्शी, अंकित ओहल्याण, एडवोकेट विक्रम ओहल्याण और एडवोकेट तनवीर सिंह भी मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top