फरीदाबाद ट्रांसपोर्टरों का ऐलान, 21 से 23 मई तक दिल्ली में नहीं घुसेगा एक भी ट्रक

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर फरीदाबाद के ट्रांसपोर्टरों ने 21 से 23 मई तक सांकेतिक हड़ताल की घोषणा कर दी है। इन तीन दिनों के दौरान ट्रांसपोर्ट का एक भी वाहन दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगा। आल फरीदाबाद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान सुरेश शर्मा और महासचिव सुभाष कौशिक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हड़ताल की सूचना सभी ट्रांसपोर्टरों तक पहुंचा दी गई है।

उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों पर अक्सर वायु प्रदूषण का हवाला देकर तरह-तरह के प्रतिबंध थोपे जाते हैं। इसलिए इन तीन दिनों की हड़ताल के दौरान यह भी परखा जाएगा कि ट्रकों की अनुपस्थिति में दिल्ली के वायु प्रदूषण में कितनी कमी आती है। ट्रांसपोर्टरों की प्रमुख मांगों में बीएस-6 वाहनों पर लगने वाले ग्रीन टैक्स को समाप्त करना और इन गाड़ियों की जीवन सीमा 12 वर्ष निर्धारित करना शामिल है।

ट्रांसपोर्टर बसंत शर्मा ने बताया कि बीएस-4 वाहनों पर दिल्ली प्रवेश का प्रतिबंध तब तक नहीं लगाया जाना चाहिए जब तक वे अपनी दस साल की निर्धारित आयु पूरी न कर लें। उन्होंने यातायात पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस चलते वाहन की तस्वीर खींचकर बीस हजार रुपये तक का चालान भेज देती है, लेकिन वाहन को रोककर मौके पर जांच करना जरूरी नहीं समझती। बार-बार गुजारिश करने के बावजूद जब ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया तो अब हड़ताल के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top