हर गांव का विकास ही विकसित भारत की मजबूत नींव : कृष्णपाल गुर्जर

पलवल, (प्राइम हरियाणा)। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव खाम्बी में करीब 3.80 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए एवं स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान सामुदायिक भवन, चौपाल, शहीद स्मारक, श्मशान घाट, गौशाला और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य ग्रामीणों को समर्पित किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री और अन्य अतिथियों का फूलमालाओं व पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार की प्राथमिकता हर गांव और हर वर्ग तक समान रूप से विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शरीर के सभी अंगों का स्वस्थ रहना आवश्यक है, उसी प्रकार क्षेत्र के प्रत्येक गांव का संतुलित विकास भी जरूरी है। सरकार गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिली है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, केएमपी, जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास बनने से लोगों की आवाजाही भी पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई है।

ग्राम पंचायत द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांव के विकास से जुड़े सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने सांसद निधि से गांव के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पंचायत स्थानीय जरूरतों के अनुसार इस राशि का उपयोग कर सकेगी।

होडल विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के प्रयासों से पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़क, पुल, रेलवे ओवरब्रिज और अन्य परियोजनाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि खाम्बी सहित पूरे क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्य मंत्री और अन्य अतिथियों का सम्मान करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। ग्राम पंचायत ने गांव की विभिन्न मांगें भी उनके समक्ष रखीं, जिन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, राजपाल, राजबीर, जवाहर सिंह सौरोत, उमेश गुदराना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top