वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण से स्वच्छ और विकसित फरीदाबाद को मिलेगी नई दिशा : विपुल गोयल

वार्ड-35 से स्वच्छता महाअभियान का शुभारंभ, नागरिकों से जनभागीदारी बढ़ाने की अपील

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को वार्ड संख्या-35 स्थित राजीव नगर, पुरानी चुंगी रोड से वैज्ञानिक कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित फरीदाबाद के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपुल गोयल ने कहा कि किसी भी विकसित शहर की पहचान उसकी स्वच्छता से होती है। केवल सरकारी प्रयासों से शहर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ स्वच्छ भारत मिशन आज देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुका है और इस अभियान ने लोगों की सोच एवं व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य केवल नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि वर्षों से जमा कचरे के स्थायी और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था विकसित करना भी है। इसी दिशा में आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित एनटीपीसी की ग्रीन कोल परियोजना का अध्ययन किया गया है, जहां वैज्ञानिक तकनीक के माध्यम से कचरे से ईंधन योग्य ग्रीन कोल तैयार की जा रही है।

इसी मॉडल को फरीदाबाद और गुरुग्राम में लागू करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है, जिससे कूड़ा निस्तारण की स्थायी व्यवस्था विकसित हो सके।कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार शहरी स्थानीय निकायों में आधुनिक कचरा संग्रहण वाहनों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली और जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत बना रही है।

इसके साथ ही मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ), कम्पोस्ट प्लांट और माइक्रो प्रोसेसिंग सेंटर के माध्यम से कचरे के पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में हरियाणा लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वर्ष 2025 के स्वच्छता सर्वेक्षण में करनाल ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह सफलता प्रभावी प्रशासन, आधुनिक तकनीक और जनसहभागिता के समन्वय का परिणाम है।

विपुल गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की थी। आज यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल सफाई करना नहीं, बल्कि गंदगी न फैलाने की आदत विकसित करना भी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहरों में शामिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आधुनिक कचरा प्रबंधन, वैज्ञानिक निस्तारण और जनसहभागिता के माध्यम से शहर को नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं स्वच्छता का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे, तो फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ और आदर्श शहरों में शामिल होने से कोई नहीं रोक सकता।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top