फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। फरीदाबाद के प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सेक्टरवासियों ने सेक्टर-56 पुलिस चौकी के सामने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कूड़ा लेकर निस्तारण केंद्र की ओर जा रहे ट्रकों का रास्ता रोक दिया। प्रदर्शन के कारण कई घंटों तक कचरा निस्तारण का कार्य प्रभावित रहा।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। करीब 100 पुलिसकर्मी पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
प्रदर्शन में शामिल सुदेश डागर ने आरोप लगाया कि नगर निगम फरीदाबाद द्वारा प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र पर वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रतिदिन लगभग 70 से 80 टन कूड़ा यहां जमा किया जाता है, जिससे उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और गंभीर बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे कई बार पार्षद, विधायक, मंत्रियों और केंद्रीय राज्य मंत्री तक ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि सरकार और प्रशासन स्थानीय लोगों की शिकायतों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।
सेक्टर-56 पुल पर कूड़ा लेकर पहुंचे ट्रकों की लगी लंबी कतार
धरने के कारण सेक्टर-56 पुल पर कूड़ा लेकर पहुंचे ट्रकों की लंबी कतार लग गई। कई वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रकों को बिना कचरा उतारे ही वापस लौटना पड़ा। विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।
आंदोलन को कांग्रेस का भी समर्थन मिला। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि घनी आबादी के बीच कूड़ा निस्तारण केंद्र का संचालन लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें अनदेखा कर रही है।
दो वर्षों से जारी है प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र के खिलाफ आंदोलन
सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए के प्रधान सतपाल ने बताया कि रिहायशी क्षेत्रों के बीच संचालित प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र से पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग को लेकर सेक्टरवासी और आसपास के ग्रामीण पिछले दो वर्षों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रतापगढ़ कूड़ा निस्तारण केंद्र को आबादी से दूर स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।