फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। मोहना रोड पर निर्माणाधीन एलिवेटेड मार्ग के काम में हो रही देरी को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सख्ती दिखाई है। विभाग के अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर ठेकेदार को काम की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एलिवेटेड मार्ग का निर्माण दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए।

पीडब्ल्यूडी की ओर से मोहना रोड पर करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना का काम जून 2024 में शुरू हुआ था और इसे जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि विभिन्न बाधाओं के चलते निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा नहीं हो सका।
एलिवेटेड मार्ग पर कुल 90 पिलर बनाए जाने हैं। करीब 300 मीटर हिस्से में पेयजल पाइपलाइन बाधा बनी हुई है, जिसके कारण यहां पिलर निर्माण का काम अधूरा है। वहीं कई पिलरों पर पीयर कैप तैयार की जा चुकी हैं। कुछ हिस्सों में आई-गार्डर रखने और उनके ऊपर लिंटर डालने का काम भी जारी है। मार्ग तैयार होने के बाद राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और वाहन चालकों का आवागमन आसान होगा।
इस परियोजना में कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल और निर्धारित मानकों के अनुरूप काम नहीं किए जाने की शिकायत विजिलेंस तक पहुंची है। विजिलेंस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। इसी बीच अधीक्षक अभियंता मनोज ओला ने पूरे निर्माण स्थल का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने नाले के साथ बनाए गए वैकल्पिक मार्ग की स्थिति भी देखी।
निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता प्रकाशलाल, उपमंडल अधिकारी रविंद्र सिंह, रामप्रकाश, कनिष्ठ अभियंता तरुण जैन सहित ठेकेदार के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मनोज ओला ने कहा कि एलिवेटेड मार्ग का निर्माण काफी धीमी गति से चल रहा है और पहले निर्धारित समय में इसे पूरा नहीं किया जा सका। अब निर्माण की रफ्तार बढ़ाकर दिसंबर 2026 तक परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
