स्वीडन में हैवीवेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर पंकज तंवर ने बढ़ाया देश और प्रदेश का मान
फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। पृथला विधानसभा क्षेत्र के गांव गदपुरी के युवा मुक्केबाज पंकज तंवर ने स्वीडन के गोटनबर्ग शहर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हैवीवेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और हरियाणा का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

न्यूजवैडन बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित ‘गोटनबर्ग बॉक्स ओपन-2026’ प्रतियोगिता में पोलैंड, आयरलैंड, इंग्लैंड, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, रूस, यूक्रेन, नीदरलैंड, नॉर्वे, फिनलैंड, स्वीडन, डेनमार्क, स्कॉटलैंड सहित अनेक देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पंकज तंवर ने शानदार प्रदर्शन किया और अपने सभी मुकाबले जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
पंकज तंवर, ब्लॉक समिति पलवल के पूर्व वाइस चेयरमैन लक्ष्मण तंवर के पौत्र हैं। स्वर्ण पदक जीतकर स्वदेश लौटने पर गांव गदपुरी में उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ उनका अभिनंदन किया तथा कंधों पर उठाकर सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर पृथला के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने पंकज तंवर को शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि पंकज ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर विश्व मंच पर तिरंगा लहराकर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि पंकज की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की युवाशक्ति, आत्मविश्वास और खेल संस्कृति की जीत है।
आज हरियाणा के युवा खेलों के माध्यम से देश का नाम विश्वभर में रोशन कर रहे हैं। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। विधायक ने विश्वास जताया कि पंकज भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए नई सफलताएं अर्जित करेंगे। कार्यक्रम में जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. मुकेश भाटी, नीरज सरपंच गदपुरी, ईलू खान सदस्य सोफ्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
