मिशन जागृति और iQor ने महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं लैंगिक समानता पर आयोजित की जागरूकता कार्यशाला

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। मिशन जागृति और iQor के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को मिशन जागृति कार्यालय में महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं लैंगिक समानता विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यशाला के दौरान महिला स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, नेतृत्व विकास और महिलाओं को समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। iQor की प्रतिनिधि मनप्रीत ने उपस्थित महिलाओं एवं युवतियों को इन विषयों से संबंधित उपयोगी जानकारी दी और उनके सवालों के जवाब भी दिए।

कार्यक्रम में मिशन जागृति महिला परिषद, मिशन जागृति युवा क्लब और फ्रंटियर कॉलोनी की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और लैंगिक समानता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं का बेहतर स्वास्थ्य और सशक्तिकरण एक स्वस्थ, समतामूलक और प्रगतिशील समाज की नींव है।

मिशन जागृति की राष्ट्रीय सचिव संतोष अरोड़ा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी महिलाओं और बालिकाओं के हित में इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

मिशन जागृति के संस्थापक प्रवेश मलिक ने कहा कि जब कॉर्पोरेट संस्थान और सामाजिक संगठन मिलकर कार्य करते हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की संभावनाएं और अधिक बढ़ जाती हैं। उन्होंने iQor का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत मिशन जागृति के विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और जागरूकता कार्यक्रमों में लगातार सहयोग कर रही है।

उन्होंने कहा कि iQor जैसे जिम्मेदार कॉर्पोरेट संस्थानों का सहयोग समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी दोनों संस्थाएं मिलकर समाजहित में जनकल्याणकारी और प्रभावी कार्य करती रहेंगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मिशन जागृति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और iQor टीम का विशेष योगदान रहा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top