पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जिला प्रशासन पलवल ने 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या पेपर लीक की संभावना को खत्म करने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है, जो परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों पर औचक निरीक्षण करेगा और व्यवस्थाओं का जायजा लेगा।
जारी आदेशों के अनुसार फ्लाइंग स्क्वॉड टीम में लोक निर्माण विभाग (भवन एवं मार्ग) पलवल के कार्यकारी अभियंता ऋतेश यादव, शिक्षा विभाग के डीएसएस डॉ. राजेश तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैंदापुर के पीजीटी प्रवक्ता हिमांशु को शामिल किया गया है। ये अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी ड्यूटी निभाते हुए परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखेंगे।
इसके अलावा, सभी संबंधित नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लाइंग स्क्वॉड टीमों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी व्यवस्था जिला नोडल अधिकारी (अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, पलवल) की निगरानी में संचालित होगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।