फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। शहर के सेक्टर-15ए इलाके में एक आवारा गाय ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया और बाजार से घर लौट रही एक महिला व उसकी दो बेटियों पर हमला कर दिया। गाय ने तीनों को सड़क पर गिराकर अपने पैरों और सींगों से बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-15ए निवासी गगन खेड़ा की पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ बाजार से घर लौट रही थीं। जैसे ही वे हनुमान मंदिर के पास अपनी गली के गेट के करीब पहुंचीं, वहां खड़ी गायों में से एक अचानक आक्रामक हो गई। सबसे पहले गाय ने छोटी बेटी पर हमला किया और उसे सड़क पर गिराकर कुचलने की कोशिश की। बेटी को बचाने के लिए मां दौड़ी, लेकिन तभी गाय ने बड़ी बेटी को भी निशाना बना लिया।
कुछ ही पलों में बड़ी बेटी भी जमीन पर गिर गई और गाय लगातार हमला करती रही। मां ने दोनों बेटियों को बचाने की कोशिश में कई बार गाय का सामना किया, लेकिन गाय बार-बार तीनों पर हमला करती रही। किसी तरह महिला अपनी बेटियों को लेकर वहां से हटने लगी, मगर गाय ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से गाय को भगाने का प्रयास किया।
हालांकि गाय ने लोगों को भी दौड़ा लिया, लेकिन काफी प्रयास के बाद उसे वहां से खदेड़ दिया गया। इस हमले में मां और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार, छोटी बेटी के सिर में गहरी चोट आई है और उसे टांके लगाने पड़े हैं, जबकि बड़ी बेटी और महिला को भी काफी चोटें आई हैं। तीनों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और शहर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को इस कार्य के लिए जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
सोर्स: जागरण