मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करें बीएलओ : डीसी आयुष सिन्हा

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) चरण-3 की प्रक्रिया 15 जून से शुरू की जाएगी। फरीदाबाद के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

AI-generated photo of Balo conducting a door-to-door survey

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को एसआईआर संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए तथा पूरी प्रक्रिया को ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक प्रपत्र भरवाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इस तिथि तक संबंधित मतदाताओं की आयु और अन्य आवश्यक योग्यताएं पूरी होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

इसके बाद 21 जुलाई 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक रहेगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 के बीच किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

आयुष सिन्हा ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top