नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग में राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

पलवल। सेवा, समर्पण, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पलवल जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने विभिन्न आयोजनों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

राज्य मंत्री ने सोनैश क्रिकेट अकादमी, दीघोट-हसनपुर रोड, बामनीखेड़ा में आयोजित नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग-2026 में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। लीग में करीब 100 टीमें हिस्सा ले रही हैं। राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं और आमजन को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

गौरव गौतम ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देना समाज और राष्ट्र दोनों के लिए आवश्यक है।

खेलों के मैदान युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और आपसी सहयोग की सीख देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के साथ खेल भावना बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद राज्य मंत्री ने के.सी. वाटिका, पलवल में आयोजित भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती समारोह में भी शिरकत की। उन्होंने भगवान श्री विश्वकर्मा को नमन करते हुए उपस्थित लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उन्होंने के.सी. वाटिका के पदाधिकारियों से युवाओं को शिक्षा और अध्ययन से जोड़ने के लिए परिसर में लाइब्रेरी की सुविधा विकसित करने का आह्वान किया। गौरव गौतम ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेलों के साथ शिक्षा, ज्ञान और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करवाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक गतिविधियों में होना चाहिए।

राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का संदेश देते हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक, युवा और विद्यार्थी इसमें अपनी भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जन-जागरूकता और सामाजिक सेवा जैसी गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ किया गया प्रत्येक सकारात्मक प्रयास समाज को मजबूत बनाने में योगदान देता है। राज्य मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, संवेदना और राष्ट्र निर्माण की भावना को व्यापक बनाया जा सकता है। इस अवसर पर सोनैश क्रिकेट अकादमी में समाजसेवी मनोज रावत, मार्किट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी, नमो क्रिकेट लीग के अध्यक्ष अमित चुटानी, जनसेवक होडल मोनू कालड़ा, सोनैश क्रिकेट अकादमी के निदेशक विजय शर्मा तथा हरीश बैंसला सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top