लावारिस, मंदबुद्धि और बेघर मरीजों के लिए शेल्टर होम की मुहिम को मिली बड़ी सफलता, 3,630 गज भूमि पर बनेगा आश्रय भवन

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। लावारिस, मंदबुद्धि और बेघर मरीजों के लिए शेल्टर होम (गरिमा गृह) बनाने की लंबे समय से चल रही मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। जिला उपायुक्त फरीदाबाद ने इस उद्देश्य के लिए 3,630 गज भूमि पर शेल्टर होम के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इससे सामाजिक कार्यकर्ताओं और इस अभियान से जुड़े लोगों में खुशी की लहर है।

इस अभियान का नेतृत्व सेवा वाहन फरीदाबाद और रेफर मुक्त संघर्ष समिति के संयोजक सतीश चोपड़ा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह उन हजारों बेसहारा, लावारिस और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के सम्मानजनक पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो वर्षों से सड़कों पर जीवन बिताने को मजबूर हैं।

सतीश चोपड़ा ने बताया कि इस विषय पर हाल ही में फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी बत्रा से भी विस्तार से चर्चा हुई थी। उन्होंने आशा जताई कि जल्द ही फरीदाबाद में गरिमा गृह का निर्माण शुरू होगा, जिससे जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय, भोजन और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले महीने सेवा वाहन फरीदाबाद और रेफर मुक्त संघर्ष समिति की ओर से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मांग पत्र सौंपा गया था। मुख्यमंत्री ने उस समय शेल्टर होम बनवाने का आश्वासन दिया था। अब जिला प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू होने से उम्मीद जगी है कि यह परियोजना जल्द धरातल पर दिखाई देगी।

सतीश चोपड़ा ने इस जनहित अभियान में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही शेल्टर होम का निर्माण कार्य शुरू होगा, वह फरीदाबाद से साइकिल यात्रा कर चंडीगढ़ जाएंगे और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करेंगे।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top