गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक सवार महिला राइडर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में राजस्थान पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद उसे गुरुग्राम लाया जा रहा है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी। मामले में पुलिस ने अब बीएनएस की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ दी है।

पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो, बाइक पर लगे कैमरे की रिकॉर्डिंग और अन्य सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले सेक्टर-56 थाने में बीएनएस की धारा 281 के तहत लापरवाही से वाहन चलाने और धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह घटना 13 सितंबर, रविवार की है। सिया अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं।
इसी दौरान एक कार उनके पीछे आई और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। अगले दिन सिया ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया।
https://www.instagram.com/p/DdPTUQ9sGZB/
इसके बाद सिया के परिवार ने सेक्टर-56 थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। सिया के पिता रोशन चौहान ने आरोप लगाया कि यह महज सड़क हादसा नहीं, बल्कि उनकी बेटी की जान लेने की कोशिश जैसा मामला है। वहीं आरोपी कल्याण बैसला ने जानबूझकर टक्कर मारने के आरोप से इनकार किया है। उसका दावा है कि बाइक सवार तेज रफ्तार में चल रहे थे और उसे परेशान कर रहे थे।
कल्याण के मुताबिक उसने बाइक की रफ्तार कम करने के लिए कहा था और यू-टर्न के पास बाइक के अचानक मुड़ने के कारण कार से टक्कर हुई। उसका कहना है कि हादसे के बाद वह मौके पर इसलिए नहीं रुका क्योंकि उसे डर था कि बाइक सवार उसके साथ मारपीट कर सकते हैं। आरोपी के दावों पर सिया ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज में साफ दिखाई देता है कि कौन किसे परेशान कर रहा था।
सिया ने सवाल उठाया कि अगर बाइकर्स कार सवारों को परेशान कर रहे थे तो कार उनका पीछा क्यों कर रही थी। उन्होंने इस दावे को भी खारिज किया कि कार सवारों को पता नहीं था कि बाइक एक महिला चला रही थी। सिया ने कहा कि वीडियो में उनके लंबे बाल साफ दिखाई दे रहे हैं और यह आसानी से पता चल सकता था कि बाइक महिला चला रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि टक्कर जानबूझकर नहीं मारी गई थी तो आरोपी हादसे के बाद मौके पर क्यों नहीं रुका।
सिया के मुताबिक घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। एक फुटेज उनकी बाइक पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड हुई, जबकि उनके साथ मौजूद अन्य राइडर्स के एक्शन कैमरों में भी घटना कैद हुई। उनके अनुसार, फुटेज में कार को लेन बदलकर बाइक से टकराते हुए देखा जा सकता है। दूसरी ओर, कल्याण के परिवार और उसके वकील ने मामले को सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा तूल दिए जाने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि कल्याण ने महिला के साथ कोई गलत हरकत या इशारा नहीं किया था और वह केवल बाइक धीरे चलाने के लिए कह रहा था। वकील ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को व्यूज और लाइक्स के लिए बढ़ाया गया। कल्याण बैसला मूल रूप से हरियाणा के पलवल जिले के टीकरी गुर्जर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। वह जिम संचालक है और परिवार के मुताबिक किसान परिवार से ताल्लुक रखता है।
उसके परिचितों के अनुसार वह कबड्डी और पहलवानी से भी जुड़ा रहा है। जिस कार से सिया की बाइक को टक्कर मारी गई, वह उसके दोस्त की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। हत्या के प्रयास की धारा जुड़ने के बाद अब मामले की गंभीरता बढ़ गई है और पुलिस की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई थी।
