राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों का दौरा

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। संभवतः ये ऐसा पहला अवसर है जब राज्यपाल जैसी शख्सियत सरकारी स्कूलों का दौरा करेगी। इससे पहले शायद ही किसी ने सरकारी स्कूलों की सुध लेने की कोशिश की हो। प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री तो बहुत बड़ी बात है, जिले का डीसी भी शायद ही कभी किसी स्कूल की हालत देखने गया हो।

जिले में जब भी ऐसा कोई सरकारी कार्यक्रम होता है, जिसको स्कूल में किया जा सकता है, उस कार्यक्रम को भी प्रशासन किसी प्राइवेट स्कूल में करवाना उचित समझता है। आज जब राज्यपाल का सरकारी स्कूलों का दौरा तय हुआ है तो इसे देशभर में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा लगातार उठाए जा रहे सवालों और बनाए जा रहे दबाव के बीच उठाया गया कदम कहा जाए तो गलत नहीं होगा।

हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष 16 सितंबर, को जिला फरीदाबाद के सरकारी विद्यालयों का दौरा करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ सीधे संवाद करेंगे और विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे।

राज्यपाल के इस दौरे को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। खास बात यह होगी कि इस बार स्कूलों की स्थिति की जानकारी सरकारी रिपोर्टों के बजाय राज्यपाल स्वयं मौके पर पहुंचकर लेने वाले हैं। राज्यपाल विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उन्हें पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी लेंगे।

वे शिक्षकों तथा स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे और यह समझने का प्रयास करेंगे कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था किस तरह संचालित हो रही है तथा विद्यार्थियों को किस स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्यपाल के दौरे से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों का निरीक्षण करते समय साफ-सफाई, शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्कूल प्रबंधन समिति की भूमिका से संबंधित विषयों का भी आकलन किया जाएगा। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुचारु रहें तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ होने वाले संवाद के लिए आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि राज्यपाल के निरीक्षण में सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत क्या सामने आती है और क्या इस दौरे के बाद सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं में कोई ठोस बदलाव देखने को मिलता है।

 

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top