प्रदेशभर से लगभग 1500 उत्कृष्ट नस्ल के पशु होंगे शामिल, विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार
पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी तथा पशुपालन एवं कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के मार्गदर्शन में 41वीं राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन 6 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय पशु मेले के रूप में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला ग्राउंड में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में प्रदेशभर से लगभग 1500 उत्कृष्ट नस्ल के पशु विभिन्न श्रेणियों में भाग लेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि विजेता पशुपालकों को आकर्षक नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य उत्तम नस्ल के पशुओं का प्रदर्शन कर नस्ल सुधार के लिए पशुपालकों को प्रेरित करना तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि कर किसानों की आय बढ़ाना है। पशुपालन विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पशुपालकों से संपर्क कर उन्हें मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग पलवल के उपनिदेशक डा. विरेंद्र सिंह राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में मुर्रा भैंस, देशी नस्ल की गायें (हरियाणा, साहीवाल, गिर, थारपारकर, साही, बेहली), क्रॉस ब्रीड गाय, घोड़े सहित अन्य पशु भाग लेंगे। प्रदर्शनी के दौरान चयनित सर्वश्रेष्ठ पशुओं को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पशुपालकों को प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक तथा परिवार पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाने होंगे। पशुपालन विभाग पलवल द्वारा पशुपालकों को प्रदर्शनी स्थल तक लाने एवं वापस ले जाने के लिए प्रतिदिन तीन बसों की व्यवस्था की गई है। उप निदेशक ने जिला पलवल के सभी पशुपालकों से आह्वान किया है कि वे इस राज्य स्तरीय पशु मेले में बढ़-चढक़र भाग लें।