फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। वार्ड नंबर-43 के पार्षद दीपक यादव ने अपने क्षेत्र में प्रस्तावित सीवर लाइन और सड़क निर्माण कार्य शुरू न होने पर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि तिगांव रोड से लेकर सेक्टर-2 स्थित श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय महिला कॉलेज तक सीवर लाइन बिछाने और सीमेंटेड सड़क निर्माण का कार्य बिना किसी ठोस कारण के रोक दिया गया है। इस विरोध के दौरान उन्होंने कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) के कार्यालय पर ताला लगाने का दावा भी किया।

पार्षद दीपक यादव ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के निवासियों के साथ-साथ कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को बेहतर सड़क और सीवर व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, ठेकेदार निर्माण स्थल पर सीवर पाइप भी पहुंचा चुका था, लेकिन काम शुरू नहीं किया गया। जब उन्होंने ठेकेदार से देरी का कारण पूछा तो कथित रूप से बताया गया कि कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा के निर्देश पर कार्य रोक दिया गया है।
इसी बात से नाराज होकर पार्षद ने कहा कि यदि विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ाना है तो संबंधित अधिकारी के पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने विरोध स्वरूप अधिकारी के कार्यालय पर ताला लगाने की बात कही। इस दौरान वार्ड नंबर-40 के पार्षद पवन यादव भी उनके साथ मौजूद रहे और उन्होंने भी कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
वहीं, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी विकास कार्य को स्थायी रूप से नहीं रोका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वर्षा का मौसम होने के कारण सीवर लाइन की खुदाई जोखिम भरी हो सकती है। यदि बारिश के दौरान कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कनिष्ठ अभियंता पर आएगी। इसी सुरक्षा कारण से फिलहाल कार्य को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके कार्यालय पर कोई ताला नहीं लगाया गया और कार्यालय सामान्य रूप से खुला रहा।
