फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित विभाग संयुक्त रूप से राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।

एफएमडीए, नगर निगम फरीदाबाद (एमसीएफ), एचएसवीपी और अन्य विभाग आपसी समन्वय के साथ नालों की सफाई, डिस्पोजल पंपिंग स्टेशनों के संचालन और जल निकासी कार्यों को लगातार अंजाम दे रहे हैं। उद्देश्य यह है कि बारिश के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने जिले के विभिन्न डिस्पोजल केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की। पल्ला कनिष्का टावर डिस्पोजल पर जलस्तर सामान्य सीमा में रहा, जहां 100 एचपी और 60 एचपी क्षमता की मोटरें लगातार संचालित होती रहीं। बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की भी व्यवस्था की गई।
पल्ला पुलिस चौकी डिस्पोजल पर भी सबमर्सिबल मोनोब्लॉक मोटरों के माध्यम से नियमित पंपिंग जारी रही। प्रशासन के अनुसार यहां जलस्तर नियंत्रण में रहा और जल निकासी कार्य बिना किसी रुकावट के संचालित होता रहा।
सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-33, सेक्टर-29, सेक्टर-18, सेक्टर-9, सेक्टर-3, हरि विहार, मुजेसर और सेक्टर-13 स्थित डिस्पोजल केंद्रों पर भी जल निकासी व्यवस्था सामान्य बनी रही। इन सभी स्थानों पर विभिन्न क्षमता की मोटरों के जरिए लगातार पानी निकाला गया।
सेक्टर-21ए में एमसीएफ और एचएसवीपी की संयुक्त टीमें मिलकर कार्य कर रही हैं। दोनों एजेंसियों द्वारा कई उच्च क्षमता वाली सबमर्सिबल मोटरों के माध्यम से जल निकासी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति न बने।
इसके अलावा सेक्टर-14, सेक्टर-4, पंचायती भवन, अनाज मंडी, सेक्टर-17 और सेक्टर-22 फिश मार्केट स्थित डिस्पोजल केंद्रों पर भी पंपिंग कार्य लगातार जारी है। आवश्यकतानुसार जनरेटर की सहायता से मोटरों का संचालन किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार सभी प्रमुख डिस्पोजल प्वाइंटों पर जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त मशीनरी और मानव संसाधन तैनात किए गए हैं, जबकि नालों की सफाई का कार्य भी लगातार जारी है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों और सीवरों में कूड़ा-कचरा न डालें। उन्होंने कहा कि जलभराव की किसी भी स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ वर्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
