फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। ग्रेटर फरीदाबाद में हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान दो स्थानों पर सड़क धंसने के मामले में फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ बीपीटीपी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पिछले सप्ताह बुधवार देर रात हुई तेज बारिश के बाद सेक्टर-89 स्थित टीडीआई बिल्डर क्षेत्र और सेक्टर-80 में डिस्कवरी पार्क सोसायटी के बाहर सड़क अचानक धंस गई थी।

घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर दोनों स्थानों पर यातायात रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही एफएमडीए के एसडीओ ताराचंद और जेई नरेश मौके पर पहुंचे और सड़क को अस्थायी रूप से समतल करने का प्रयास किया। हालांकि लगातार बारिश के कारण यह संभव नहीं हो सका। अधिकारियों ने पूरी रात मौके पर रहकर वाहन चालकों को सतर्क किया और दुर्घटना से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
इसके बाद शुक्रवार को एफएमडीए की टीम ने दोनों स्थानों का विस्तृत निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सड़क के नीचे बिना विभागीय अनुमति के पाइपलाइन और बिजली की केबल बिछाई गई थीं। इसके लिए सड़क की खुदाई तो की गई, लेकिन तकनीकी मानकों के अनुरूप उसकी मरम्मत नहीं की गई। लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई और सड़क धंस गई।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता के.एस. पठानिया ने बताया कि किसी भी सरकारी सड़क के नीचे पाइपलाइन, बिजली की केबल या अन्य उपयोगिताओं को बिछाने से पहले एफएमडीए से अनुमति लेना अनिवार्य है। साथ ही खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत निर्धारित मानकों के अनुसार करना भी जरूरी है। नियमों की अनदेखी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
एफएमडीए ने दोनों मामलों में संबंधित बिल्डरों के ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
