बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने की राव इंद्रजीत सिंह से मुलाकात

नई दिल्ली, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। दोनों नेताओं के बीच हरियाणा के विकास, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने राव इंद्रजीत सिंह के लंबे सार्वजनिक जीवन, प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव का लाभ पार्टी और प्रदेश को लगातार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और संगठन तथा सरकार के समन्वित प्रयासों से हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

वहीं, राव इंद्रजीत सिंह ने विश्वास जताया कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में प्रदेश संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को जींद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हरित, स्वच्छ और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के नए अध्याय की शुरुआत करेंगे। उन्होंने इसे हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का अवसर बताते हुए कहा कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, अत्याधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top