फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से उप-मंडल रोजगार कार्यालय, बड़खल (फरीदाबाद) द्वारा मंगलवार को गांव पाली में एक विशेष आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया।

कैंप के आयोजन में गांव पाली के सरपंच रघुवीर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में लगभग 100 ग्रामीणों एवं युवाओं ने हिस्सा लेकर रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने प्रतिभागियों को रोजगार विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS), प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना तथा राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रोजगार अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कैंप के दौरान रोजगार संबंधी पंजीकरण की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। साथ ही प्रतिभागियों को स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर गांव पाली के सरपंच रघुवीर, मलखान सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य राजवीर सिंह, करण सिंह फौजी, खड़क सिंह तथा श्रीमती सोनी भगत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करियर एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। रोजगार की संभावनाओं और भविष्य के अवसरों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने रोजगार विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए लाभकारी बताया।