पांच जुलाई को फरीदाबाद आएंगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। आगामी 5 जुलाई को फरीदाबाद स्थित अमृता हॉस्पिटल में भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के प्रस्तावित आगमन को लेकर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था।

इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा संगठन की आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि अर्चना गुप्ता का फरीदाबाद आगमन संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के स्वागत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे संगठन की एकजुटता और शक्ति का प्रभावी प्रदर्शन हो सके।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। बैठक में कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। स्वागत स्थल की व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, मीडिया समन्वय तथा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को लेकर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

राजेश नागर ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और जनसेवा के उद्देश्यों को आमजन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल राजनीतिक सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए कार्य करना है।

बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क बढ़ाएं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं। साथ ही महिलाओं, युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने के प्रयासों को और गति देने पर भी जोर दिया गया।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top