शिक्षण संस्थाएं बच्चों को संस्कार और संस्कृति से जोड़ें: हरविंद्र कल्याण

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शिक्षण संस्थाओं से आह्वान किया कि वे बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ-साथ उन्हें प्राचीन भारतीय संस्कृति से भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से बच्चों में राष्ट्रीयता की भावना जागृत होगी और वे अच्छे नागरिक बनकर देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सहयोग देंगे।

शिक्षा भारती विद्यालय का वार्षिकोत्सव
कल्याण शिक्षा भारती विद्यालय के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय की ई-मैगजिन का विमोचन किया और कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा समिति को अपने स्वैच्छिक कोष से 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में कला, संस्कृति, ज्ञान और अनुशासन का अद्भुत संगम है। यह संस्था विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य कर रही है और राष्ट्रभक्ति की विचारधारा से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि देशभर में लगभग 25 हजार ऐसे संस्थान संचालित हो रहे हैं जो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विधायिका की भूमिका पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश में विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका प्रमुख संस्थाएं हैं। विधायिका जनकल्याण के लिए कानून बनाती है, कार्यपालिका उन्हें लागू करती है और न्यायपालिका संविधान के अनुसार उनकी समीक्षा कर नागरिकों को न्याय प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि लोगों को विधायिका की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक किया जाए। इसी उद्देश्य से हरियाणा विधानसभा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के सहयोग से सम्मेलन आयोजित करेगी ताकि जन-जन तक विधायिका के कार्यों की जानकारी पहुंच सके।

कल्याण ने कहा कि बच्चों को सुविधाएं देना आवश्यक है, लेकिन उन्हें संस्कृति से जोड़ना और भी महत्वपूर्ण है। इससे उनके जीवन में खुशहाली आएगी और देश अपने प्राचीन गौरव को पुनः प्राप्त कर सकेगा। उन्होंने भिवानी की एक बेटी का उदाहरण दिया जिसने बी-टेक की पढ़ाई के बाद आधुनिक कृषि को अपनाया और सालाना 60 लाख रुपये की आय अर्जित की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। सभी बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय करना चाहिए और अभिभावक व अध्यापक उन्हें सही-गलत का अंतर समझाएं ताकि वे अच्छे इंसान बनकर राष्ट्र की उन्नति में योगदान दे सकें।
विद्यार्थियों का सम्मान कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से कक्षाओं में टॉपर रहने वाले 11 विद्यार्थियों को लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top