एडीसी नरेंद्र कुमार ने भैंसरू खुर्द में घर-घर कचरा संग्रहण अभियान की शुरुआत की

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने गांव भैंसरू खुर्द में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और अपशिष्ट पृथक्करण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर इस पहल की शुरुआत की। इस मौके पर एडीसी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, ताकि कचरे का सही प्रबंधन किया जा सके। उन्होंने बताया कि गीले कचरे से खाद बनाई जा सकती है, जबकि सूखे कचरे को रिसाइकल कर दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है, बल्कि कचरे की मात्रा भी कम होती है।

एडीसी ने यह भी कहा कि स्वच्छ वातावरण से बीमारियों में कमी आती है और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होता है। स्वच्छ गांव सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया और कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था से गांवों को साफ-सुथरा बनाए रखने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन और संग्रहण की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top