फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। बल्लभगढ़ क्षेत्र के मोहना बस अड्डे से यमुना पुल तक जाने वाली सड़क अब सात मीटर चौड़ी और सीमेंटेड बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क के चौड़ीकरण और पुनर्निर्माण की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके लिए सरकार की ओर से 4.70 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

वर्तमान में मोहना बस अड्डे से यमुना पुल तक सड़क की चौड़ाई करीब पांच मीटर है और जगह-जगह सीमेंटेड स्लैब लगे हुए हैं। सड़क संकरी होने के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली से फसल लेकर आने-जाने वाले किसानों के लिए भी यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है। नई सड़क बनने के बाद क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सड़क के चौड़ीकरण से यमुना पार खादर क्षेत्र के करीब 15 गांवों के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। मोहना, जल्हाका, हीरापुर, नरियाला, छांयसा, अटाली, बलई, थंथरी और हंसापुर समेत आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन आसान होगा। यमुना पार उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे बागपुर, सोलड़ा, भोलड़ा, राजपुर, दोस्तपुर, भूड़, खेड़ली, नंगलिया, माल्हा सिंह का फार्म और चंडीगढ़ गांवों के ग्रामीण भी इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।
इन क्षेत्रों के किसान अपनी फसल मोहना स्थित अनाज मंडी में लेकर आते हैं। ग्रामीणों के अनुसार पांच मीटर चौड़ी सड़क पर दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर उन्हें एक-दूसरे को रास्ता देने में काफी परेशानी होती है। सड़क पर लगे पुराने सीमेंटेड स्लैब के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ने की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीण सतीश कुमार ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
इससे वे अपनी फसल को सुरक्षित तरीके से मोहना अनाज मंडी तक पहुंचा सकेंगे। वहीं मनोज अत्री ने बताया कि मोहना के राजकीय कॉलेज में यमुना पार खादर क्षेत्र के छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। उन्हें बाइक और अन्य दोपहिया वाहनों से इस सड़क पर आवागमन के दौरान परेशानी होती है। कई बार सड़क की स्थिति के कारण वाहन फिसलने से दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं।
पीडब्ल्यूडी बल्लभगढ़ के उपमंडल अधिकारी रवि इंदर सिंह ने बताया कि मोहना बस अड्डे से यमुना पुल तक सड़क को सात मीटर चौड़ा और सीमेंटेड बनाया जाएगा। वर्तमान में लगे सीमेंटेड स्लैब को पूरी तरह हटाकर सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए सरकार ने 4.70 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
