सोशल मीडिया पर फेमस होने का जुनून अब युवाओं के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है. हरियाणा के सोनीपत में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लग्जरी गाड़ियों से स्टंट और हुड़दंग करना आठ युवकों को भारी पड़ गया. पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है.
मामला सोनीपत के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवकों ने लग्जरी गाड़ियों का काफिला निकालकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाई. वायरल वीडियो में सबसे आगे लाल बत्ती लगी स्कॉर्पियो दिखाई दे रही थी, जबकि उसके पीछे कई अन्य महंगी गाड़ियां चल रही थीं. वीडियो में कुछ युवक गाड़ियों से स्टंट करते और सड़क पर हुड़दंग करते नजर आए. कई वाहनों पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी.
यह भी पढ़ें- वंदे मातरम् पर कांग्रेस नेताओं को अनिल विज ने घेरा, लगाया ये आरोप
वायरल वीडियो से पुलिस तक पहुंचा मामला
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोनीपत पुलिस हरकत में आई. सिविल लाइन थाना पुलिस ने वीडियो की जांच कर युवकों और गाड़ियों की पहचान शुरू की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्टंट करने वाले आठ युवकों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने लाल बत्ती लगी स्कॉर्पियो समेत सभी संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया है.
लाल बत्ती का भी किया गया गलत इस्तेमाल
सिविल लाइन थाना प्रभारी परमिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस को व्हाट्सएप के जरिए एक वीडियो मिली थी, जिसमें एक स्कॉर्पियो गाड़ी पर लाल बत्ती लगी हुई थी और उसके पीछे कई लग्जरी गाड़ियों का काफिला चल रहा था. उन्होंने बताया कि युवक सोशल मीडिया पर रील बनाने और दिखावा करने के लिए स्टंट कर रहे थे. जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो पर लगी लाल बत्ती सेक्टर-14 इलाके से लगवाई गई थी.
स्टंट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क पर हुड़दंग, खतरनाक स्टंट और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून तोड़ने वालों पर अब सख्ती की जाएगी.
यह भी पढ़ें- नूंह: राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के लिए खड़ी रहीं छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, 12 छात्रा बेहोश
