अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनाव प्रणाली की तारीफ की है. जहां बीजेपी नेता इसे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर मुहर बता रहे हैं वहीं विपक्ष का दावा है कि सरकार विदेशों से मदद मांग रही है और ट्रंप के बयान को प्रचारित कर रही है. इस बीच कांग्रेस की वरिष्ठ महिला नेता और सांसद कुमारी सैलजा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है.
इस मामले पर उन्होंने कहा, “यहां वोटर आईडी होना एक चीज है, परंतु जो जमीन पर हो रहा है. जिस प्रकार से वोट चोरी हो रही है और जिस तरह से सिस्टम चलाया जा रहा है, उसके बारे में भी क्या ट्रंप को मालूम है? कि असलियत क्या है?
ट्रंप को सारी बातें जाननी चाहिए- सैलजा
कुमारी सैलजा ने आगे कहा, “भारत में दशकों से लोकतंत्र कायम है और इस पर हमें गर्व है. अभी हमने अपनी आजादी की वर्षगांठ मनाई. 80 साल में हमारा लोकतंत्र जिंदा रहा है. यह किसकी बदौलत हुआ? यह लोगों की बदौलत और जो सरकारें रहीं उन्हें भी श्रय जाता है. जिन देशों ने आजादी पाई, वहां सभी जगह लोकतंत्र नहीं रहा. भारत में रहा, इस पर हमें गर्व है. जमीन पर लेकिन आज क्या हो रहा है, जैसे बच्चों के साथ हुआ, संसद नहीं चलने दी जा रही, विपक्ष की बात सुनी नहीं जाती. ट्रंप सभी चीजों का जायजा लें.”
ये भी पढ़ें: BJP की नई टीम का हिस्सा बने अरुण यादव से जुड़ा है यह विवाद, खूब रहा चर्चा में
इसके अलावा ट्रंप के बयान पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कहा कि चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठ रहे हैं तो अब विदेशी नेताओं के बयान के जरिए उसे सही साबित करने की कोशिश की जा रही है.
सरकार विदेशों से मदद मांग रही- कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि देश में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भारी आलोचना हो रही है. ऐसे में क्या अब सरकार विदेशों से मदद मांग रही है, तभी ट्रंप के बयान को इतनी प्रमुखता से प्रचारित किया जा रहा है.
सपा ने भी कसा तंज
वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने ट्रंप से पूछा था कि बिना फोटो पहचान-पत्र के अमेरिका में इतने बड़े पैमाने पर चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं. उन्होंने कहा, “सवाल ही गलत है. इसके बजाय उनको यह पूछना चाहिए था कि आपके देश में लोकतंत्र पर हमला क्यों नहीं हुआ और लोकतंत्र पर सवाल क्यों नहीं उठाए गए.”
ये भी पढ़ें: हरियाणा कांग्रेस में महिला नेताओं की लड़ाई? अल्का लांबा पर गंभीर आरोप
