गुरुग्राम में नौकरानी के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. मामला शहर के बेहद पॉश इलाके कैमेलियास अपार्टमेंट, सेक्टर-42 का है. यहां एक महिला द्वारा अपनी नौकरानी को रोककर उसके साथ मारपीट करने का वीडियो सामने आया था. वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में लिया गया है.
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. इसमें एक महिला दूसरी महिला को जबरदस्ती रोकती हुई और उसके साथ मारपीट करती नजर आ रही थी. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की. इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की.
रेवाड़ी में गाय की टक्कर से रिटायर्ड कैप्टन की मौत, CCTV में कैद हुई घटना
जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना 24 जुलाई की है. पुलिस के मुताबिक, महिला किसी बात को लेकर अपनी नौकरानी को डांट रही थी. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और मालकिन ने नौकरानी के साथ मारपीट कर दी.
पड़ोसी ने बनाया था वीडियो
बताया जा रहा है कि जिस समय नौकरानी के साथ मारपीट हो रही थी, उसी दौरान पास के फ्लैट में रहने वाले एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी महिला की पहचान की.
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला का नाम रुचिरा सचदेवा, उम्र 52 साल है. वह गुरुग्राम के सेक्टर-42 स्थित कैमेलियास अपार्टमेंट में रहती है. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में शामिल किया है.
27 जुलाई को काम छोड़ चुकी थी नौकरानी
शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि जिस महिला के साथ मारपीट की गई, वह आरोपी की नौकरानी थी. वह 27 जुलाई को ही काम छोड़ चुकी थी. पुलिस के अनुसार, काम को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी महिला ने उसके साथ मारपीट की.
पुलिस का कहना है कि नौकरानी अब अपने मूल निवास नेपाल जा चुकी है. उसने आरोपी महिला के साथ सुलह होने की बात कही है. हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी तरफ से जांच शुरू की.
पंजाब में BJP- अकाली दल का होगा गठबंधन? CM नायब सिंह सैनी बोले- ‘जनता के साथ…’
100 करोड़ से ज्यादा कीमत के हैं यहां फ्लैट
जिस सोसाइटी में यह घटना हुई, वह गुरुग्राम की सबसे लग्जरी सोसाइटी में गिनी जाती है. डीएलएफ की कैमेलियास सोसाइटी अपनी महंगी कीमतों और लग्जरी सुविधाओं को लेकर अक्सर चर्चा में रहती है. यहां कई फ्लैटों की कीमत 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है.
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सुशांत लोक थाना पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की. अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
