फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सोतई गांव में प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज हो रहा है। इसी कड़ी में गांव के लोगों ने हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री राजेश नागर से मुलाकात कर डंपिंग यार्ड को आबादी से दूर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि यह परियोजना वर्तमान स्थान पर लागू की गई तो आसपास के कई गांवों के लोगों को प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने राज्य मंत्री राजेश नागर को बताया कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी स्थान पर कूड़ा डंपिंग यार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उस समय जनविरोध को देखते हुए सरकार ने इसे रोकने का निर्णय लिया था। अब एक बार फिर उसी स्थान पर डंपिंग यार्ड विकसित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना था कि डंपिंग यार्ड बनने से केवल सोतई गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांव भी प्रभावित होंगे। कूड़े से निकलने वाली दुर्गंध, भूजल प्रदूषण और पर्यावरणीय दुष्प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। उन्होंने सरकार से जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित स्थल को बदलने की मांग की।
ग्रामीणों की बात सुनने के बाद राज्य मंत्री राजेश नागर ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों और चिंताओं को सरकार के समक्ष गंभीरता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की भावनाओं और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं की जा सकती। इस संबंध में वह हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएंगे।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए मुद्दे महत्वपूर्ण हैं और सरकार जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसा समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा जिससे आम लोगों के हित सुरक्षित रहें और क्षेत्र का विकास भी प्रभावित न हो।
इस दौरान फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा, सोतई गांव के पूर्व सरपंच भोली रावत, संतोष सिंह, हरिंदर सिंह, महेंद्र सिंह, विशाल, विक्रम, पूरन सिंह नेताजी, रूप सिंह, एडवोकेट राजेश्वर, वीर सिंह, ओम प्रकाश, करतार सिंह, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
