पलवल में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई एचटेट पीजीटी परीक्षा, 82.60 प्रतिशत रही उपस्थिति

पलवल, (प्राइम न्यूज़ नेटवर्क)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के पहले दिन जिले में लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलमुक्त माहौल में संपन्न हुई। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की सतर्क निगरानी तथा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी सात परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के आयोजित की गई।

जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कुल 1988 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें से 1642 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 346 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में पहले दिन 82.60 प्रतिशत उपस्थिति और 17.40 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल तथा अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नोडल अधिकारी उत्सव आनंद ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा संचालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की गहन जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई थी। समय पर प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए केंद्रों के बाहर सुव्यवस्थित कतारें लगवाई गईं। पूरे परीक्षा संचालन के दौरान जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।

आज होंगी टीजीटी और पीआरटी की परीक्षाएं

उपायुक्त ने बताया कि 5 जुलाई को एचटेट की लेवल-2 (टीजीटी) परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। टीजीटी परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:45 बजे से शुरू होकर सुबह 9 बजे तक होगा, जबकि पीआरटी परीक्षा के लिए दोपहर 12:50 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रवेश मिलेगा।

निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में लेवल-1 परीक्षा के लिए 1517 तथा लेवल-2 परीक्षा के लिए 3768 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

बिना एडमिट कार्ड नहीं मिलेगा प्रवेश

उपायुक्त ने कहा कि बिना एडमिट कार्ड किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।

कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए

परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 163 लागू रहेगी तथा पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक रहेगी।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top