TRAI ने Voice-SMS वाले रिचार्ज को लेकर बदले नियम, राघव चड्ढा बोले: उपभोक्ताओं की मांग हुई पूरी

नई दिल्ली। मोबाइल फोन पर मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने बड़ा कदम उठाया है। TRAI ने Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 जारी करते हुए टेलीकॉम कंपनियों के लिए Voice और SMS-only स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने से जुड़े प्रावधान तय किए हैं।

 

TRAI के मुताबिक, 2024 में लागू किए गए 12वें संशोधन के बाद यह सामने आया कि Voice और SMS-only STV की उपलब्धता सीमित थी और इनमें अधिकतर लंबे समय की वैधता वाले विकल्प शामिल थे। इससे कम आय वाले उपभोक्ताओं के लिए कम अवधि वाले किफायती विकल्पों की कमी महसूस हुई। इसी को ध्यान में रखते हुए TRAI ने 13वें संशोधन का मसौदा जारी किया था।

राघव चड्ढा ने भी उठाया था मुद्दा

इसी मुद्दे को लेकर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी संसद में मुद्दा उठाया था और उन मोबाइल उपभोक्ताओं की जरूरत का उल्लेख किया था, जिन्हें डेटा की जरूरत नहीं होती और जो मुख्य रूप से सिर्फ कॉलिंग और SMS के लिए मोबाइल कनेक्शन का इस्तेमाल करते हैं। उसके आलावा उन्होंने साल में 13 बार रिचार्ज करने की बात कही थाई।

वीडियो में उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं, विशेषकर कम बजट में मोबाइल इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए अलग और किफायती विकल्प उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने TRAI के नए कदम को उपभोक्ताओं की इसी मांग से जोड़ते हुए कहा कि “आज TRAI ने आपकी वो मांग भी पूरी कर दी।” उन्होंने इसे जनता से जुड़े मुद्दे को उठाए जाने और उस पर कार्रवाई होने का उदाहरण बताया। उन्होंने उपभोक्ताओं को इस फैसले के लिए बधाई भी दी।

1,132 प्रतिक्रियाओं के बाद TRAI ने अंतिम रूप दिया नियम

TRAI ने बताया कि संशोधन के मसौदे पर हितधारकों से कुल 1,132 प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं। इसके अलावा 15 जून 2026 को ओपन हाउस डिस्कशन भी आयोजित किया गया। प्राप्त सुझावों और अपने विश्लेषण के आधार पर TRAI ने अब संशोधित नियमों को अंतिम रूप दिया है।

क्या बदलने वाला है?

नए प्रावधानों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को Voice और SMS के लिए अलग STV उपलब्ध कराने होंगे। इनमें संबंधित Voice, SMS और डेटा वाले STV की 30 दिन और 30 दिन से कम की वैधता अवधि के अनुरूप विकल्प उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके साथ ही ऐसा विकल्प भी रखना होगा जिसकी वैधता हर महीने उसी तारीख को नवीनीकृत हो। यदि किसी महीने में वह तारीख मौजूद नहीं है तो उस महीने की अंतिम तारीख को नवीनीकरण किया जाएगा।

इसके अलावा कम से कम एक ऐसा Voice-SMS STV भी उपलब्ध कराना होगा जिसकी वैधता इन विकल्पों से अधिक हो और जो संबंधित Voice, SMS और डेटा STV की वैधता अवधि के अनुरूप हो।

कम आय वाले ग्राहकों को मिलेंगे ज्यादा विकल्प

TRAI का कहना है कि नए टैरिफ ढांचे से कम आय वाले उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार रिचार्ज चुनने के ज्यादा विकल्प मिलेंगे। साथ ही उन ग्राहकों के लिए भी विकल्प बढ़ेंगे जो डेटा वाले बंडल प्लान के बजाय केवल Voice और SMS की सुविधा लेना चाहते हैं। यानी आने वाले समय में ऐसे मोबाइल यूजर्स के लिए रिचार्ज विकल्पों में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है और वे केवल बातचीत तथा SMS के लिए मोबाइल सेवा का इस्तेमाल करते हैं।

 
Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top