कांग्रेस परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में डूबी, महिलाओं का भी नहीं होता सम्मान: डॉ. अर्चना गुप्ता

नई दिल्ली/चंडीगढ़, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी पूरी तरह परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति में डूबी हुई है। रोहतक में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस में समर्पित कार्यकर्ताओं और महिलाओं को उचित सम्मान नहीं मिलता, जबकि भाजपा में मेहनत और निष्ठा के आधार पर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद इस कदर हावी है कि पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने राजनीतिक कार्यकाल में परिवार को प्राथमिकता दी और किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ता का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए आगे नहीं बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद रहते हुए भी बेटे को लोकसभा चुनाव लड़ाना कांग्रेस की वंशवादी राजनीति का उदाहरण है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा का भी जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी में महिलाओं को सम्मान नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे राजनीतिक अनुभव और वरिष्ठता के बावजूद कुमारी शैलजा की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

कांग्रेस में परिवारवाद के कारण योग्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए जगह लगातार कम होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। पार्टी में ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने वाले हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह साबित किया है कि साधारण परिवार से आने वाला व्यक्ति भी देश का प्रधानमंत्री और किसान का बेटा प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है।

भाजपा में राजनीतिक वंशवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने कार्यकाल में केवल रोहतक के विकास पर ध्यान दिया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य हुए हैं।

कुमारी शैलजा के भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा से जुड़ने की इच्छा रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पार्टी स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा रोहतक और सिरसा सहित पूरे प्रदेश में संगठन को और मजबूत किया जाएगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top