पलवल, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 15 अगस्त तक देशभर में ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ पोर्टल पर सघन पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़कर उनकी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सहभागी बनाना है।

जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि यह अभियान युवाओं को सामाजिक, शैक्षणिक और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि MY Bharat पोर्टल के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, डिजिटल वॉलंटियर कार्यक्रम, नेतृत्व विकास, कौशल विकास, क्विज प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य जन-जागरूकता अभियानों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में सहभागिता से युवाओं का व्यक्तित्व विकास होगा और समाज व राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी। अभियान के दौरान जिले के शैक्षणिक संस्थानों, युवा मंडलों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पोर्टल से जुड़ने के लाभ और उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी।
जिला युवा अधिकारी ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरल ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से MY Bharat पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का प्रभावी मंच उपलब्ध कराता है। अधिक से अधिक युवा इस पहल से जुड़कर विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।