फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। फरीदाबाद कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने हरियाणा विधानसभा में पेश किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो बजट वित्त मंत्री के तौर पर नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में पेश किया है वह सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी है, उसमें कुछ भी नया नहीं है। जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि भाजपा की सरकार ने किसान, मजदूर, गरीबों के लिए युवाओं के लिए कुछ खास नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत पहले से ही खराब है, स्टाफ की कमी है जिसके कारण बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं और सरकार उनको देश-विदेश घूमने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में कहा गया है कि 12 नए स्टेडियम बनाएंगे पहले से ही स्टेडियम जो बने हुए उनकी हालत खराब है उनका नवीकरण भी नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा पेश किये गए बजट में ऐसी कोई खास चीज नहीं है जो सरकार उनको लेकर वाह वाह कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने घोषणा की है कि हम गुडग़ांव और फरीदाबाद के बीच में मेट्रो चलाएंगे। मैं मुख्यमंत्री जी से पूछना चाहता हूं यह घोषणा तो आप वर्ष 2014 से लगातार करते आ रहे हैं। लेकिन आज तक किसी भी योजना पर अमल नहीं हुआ है उन्होंने कहा वास्तविक योजना तो वह है जिसकी डीपीआर तैयार हो जाए नहीं तो सिर्फ जनता को बहलाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आम बजट हरियाणा वासियों के लिए निराशाजनक है।
इसमें किसान, मजदूर, युवा, बुजुर्गों, प्रदेश के विकास के लिए कोई मूलभूत ढांचा तैयार नहीं किया गया है। बजट पूरी तरह से खोखला है। वहीँ दूसरी और कांग्रेस प्रवक्ता सुमित गौड ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह दिशाहीन सरकार का दिशाहीन बजट है। किसानों, गरीब व युवाओं तथा प्रदूषण को लेकर कोई भी बड़ी योजना नहीं बनाई गई हैं। मुख्यमंत्री द्वारा पेश किया गया बजट में ऐसी कोई खास चीज नहीं है।