स्मृति ईरानी ने रोहतक की उद्यमी बहू भूमिका देशवाल को किया सम्मानित

एसोसिएशन ऑफ बिजनेस वूमन इन कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के हरियाणा चैप्टर की अध्यक्ष हैं भूमिका देशवाल

रोहतक, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। रोहतक की उद्यमी बहू और फैशन उद्योग से जुड़ी व्यवसायी भूमिका देशवाल को महिला उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव के दौरान भूमिका देशवाल को नारी वंदन महिला उद्यमिता प्लेटफॉर्म (नीति आयोग) अवार्ड प्रदान किया।

भूमिका देशवाल वर्तमान में एसोसिएशन ऑफ बिजनेस वूमन इन कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के हरियाणा चैप्टर की अध्यक्ष हैं। उन्हें यह सम्मान उद्यमिता के क्षेत्र में उनके योगदान, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और देशभर में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के प्रयासों के लिए दिया गया। भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव को देश के प्रमुख मेड इन इंडिया व्यापारिक आयोजनों में शामिल किया गया।

इस आयोजन में 40 से अधिक देशों के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों और खरीदारों ने भाग लिया। महोत्सव का आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सम्मान मिलने पर भूमिका देशवाल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं और नीतियों के कारण आज बड़ी संख्या में महिलाएं अपने व्यवसाय स्थापित कर रही हैं और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

20 से अधिक देशों में फैशन उत्पादों का निर्यात

भूमिका देशवाल वर्तमान में गुरुग्राम में फैशन उद्योग से जुड़ा अपना उद्यम संचालित कर रही हैं। उनके व्यवसाय के माध्यम से गारमेंट्स और क्लोथिंग उत्पादों का निर्यात 20 से अधिक देशों में किया जाता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी से ग्रेजुएट भूमिका देशवाल देशवाल सोर्सिंग सॉल्यूशंस की संस्थापक हैं। उनका उद्यम गुरुग्राम के उद्योग विहार, फेज-5, सेक्टर-19 से संचालित होता है।

उनके उद्यम द्वारा तैयार किए गए परिधान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुके हैं। उनके डिजाइनों को हॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने पसंद किया है। इनमें अमेरिकी अभिनेत्री सारा जेसिका पार्कर, काइली रिचर्ड्स, प्रसिद्ध अमेरिकी टॉक शो होस्ट ओपरा विन्फ्रे और अमेरिकी मीडिया हस्ती कर्टनी कार्दशियन के नाम शामिल हैं। दावा किया जाता है कि यूनाइटेड किंगडम की महारानी कैमिला भी उनके उद्यम द्वारा तैयार की गई ड्रेस पहन चुकी हैं।

एक सिलाई मशीन और पांच कर्मचारियों से शुरू हुआ सफर

भूमिका देशवाल की उद्यमिता यात्रा वर्ष 2016 में शुरू हुई थी। उन्होंने केवल एक सिलाई मशीन और पांच कर्मचारियों के साथ अपने व्यवसाय की शुरुआत की। वस्त्र निर्माण की अच्छी समझ और कुछ नया करने के दृढ़ संकल्प के साथ उन्होंने धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार किया। इसके बाद उन्होंने विदेशी बाजारों में गारमेंट्स निर्यात का काम शुरू किया, जिसने समय के साथ गति पकड़ी।

इसी दौरान उन्होंने सलरोजा ब्रांड भी लॉन्च किया, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। भूमिका देशवाल ने अपने करियर के शुरुआती दौर में गुरुग्राम स्थित ओरिएंट क्राफ्ट में करीब एक वर्ष तक असिस्टेंट डिजाइनर के रूप में काम किया। बाद में पति विजय देशवाल की नौकरी के दौरान वह वर्ष 2006 से 2010 तक बांग्लादेश में रहीं और वहां पर्ल अकादमी से जुड़े विद्यार्थियों को प्रशिक्षण भी दिया।

लद्दाख की 400 से अधिक महिलाओं को दिया प्रशिक्षण

भूमिका देशवाल ने केवल अपना व्यवसाय ही नहीं बढ़ाया, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया है। उन्होंने लद्दाख में 400 से अधिक ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण दिया है। उनके इस प्रयास का उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 107वें एपिसोड में भी किया था।

रोहतक से जुड़ा है ससुराल

भूमिका देशवाल की शादी रोहतक की भरत कॉलोनी निवासी विजय देशवाल से हुई है। विजय देशवाल लंबे समय तक बांग्लादेश में फैशन उद्योग से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में अपनी पत्नी के व्यवसायिक सफर में उनका सहयोग कर रहे हैं। भूमिका की सास विद्या देशवाल पीजीआईएमएस रोहतक के नर्सिंग कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रिंसिपल हैं, जबकि उनके ससुर धर्मपाल देशवाल पशुपालन विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं।

रोहतक की बहू भूमिका देशवाल का एक छोटे स्तर से शुरू हुआ उद्यम आज अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच चुका है। महिला उद्यमिता, रोजगार सृजन और ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देने के क्षेत्र में उनके योगदान को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिल रहा है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top