फरीदाबाद के बीपीटीपी डिस्ट्रिक्ट वन में सुविधाओं की कमी पर भड़के निवासी, बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सेक्टर-81 की बीपीटीपी डिस्ट्रिक्ट वन सोसायटी में शनिवार को निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। ब्लॉक ए, बी और सी के लोगों ने बिल्डर कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाराज निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ सांकेतिक शवयात्रा निकाली और नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा, जिसके बाद लोगों को शांत कराया गया।

सोसायटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से सैकड़ों परिवार यहां रह रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी ठीक से नहीं मिल पा रही हैं। फ्लैट खरीदते समय बिल्डर ने बेहतर सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन बिजली और पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से बिजली का लोड बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

निवासियों के मुताबिक, दिन और रात में होने वाली अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बिल्डर और मेंटेनेंस एजेंसी बीपीएमएस से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद लोगों को विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

लोगों का आरोप है कि पहले उनसे हर महीने दो हजार रुपये मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता था, लेकिन हाल ही में बिना किसी चर्चा के इसे दोगुने से भी अधिक बढ़ा दिया गया। सुविधाओं की कमी के बीच अचानक बढ़े शुल्क ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी। सोसायटी की महिलाएं एकजुट होकर बिल्डर कार्यालय पहुंचीं और विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने बिल्डर प्रतिनिधियों से मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।

कुछ महिलाओं ने बाउंसरों पर धक्का-मुक्की करने का आरोप भी लगाया। मामला बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। वहीं, बीपीएमएस के एमडी श्याम सुंदर ने कहा कि मेंटेनेंस शुल्क 2.55 रुपये प्रति वर्ग गज से बढ़ाकर 3.07 रुपये प्रति वर्ग गज किया गया है। उनके अनुसार कर्मचारियों के वेतन और रखरखाव खर्च बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि निगम से मिलने वाली बिजली ही निवासियों तक पहुंचाई जा रही है।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top