राजेश नागर ने किया वार्ड 26 और 27 को जोड़ने वाली सड़क व नाले के नवीनीकरण का शुभारंभ

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री एवं तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश नागर ने वार्ड नंबर 26 और 27 को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क एवं नाले के नवीनीकरण कार्य का शुभारंभ करवाया। करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस विकास कार्य से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

यह सड़क इस्माइलपुर से बजरंग चौक तक विकसित की जाएगी। सड़क एवं नाले का निर्माण पूरा होने के बाद जलभराव, धूल-मिट्टी और आवागमन में होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तिगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।

सरकार का उद्देश्य शहर, गांव और प्रत्येक वार्ड में सड़क, सीवर, नाले, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि इस्माइलपुर से बजरंग चौक तक बनने वाली सड़क दोनों वार्डों के बीच महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। सड़क के साथ नाले का नवीनीकरण होने से बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।

इससे स्थानीय निवासियों के अलावा दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाले, सीवर, पेयजल अथवा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य की नियमित निगरानी की जाए, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर और टिकाऊ सुविधा मिल सके।

 

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top