पलवल, 7 फरवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं रोहतक के सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि यंत्र-तंत्र और षडयंत्र के तहत जनभावनाओं की चोरी करके छल से बनी भाजपा सरकार अब बुजुर्गों के हक व सम्मान पर प्रहार कर रही है, जिसे कदापी सहन नहीं किया जाएगा। हरियणा में बुजुर्गों की पैंशन को लेकर भाजपा सरकार को सवालों के कठघरे में खडा करते हुए कहा कि एक सुनियोजित तरीके से प्रदेश में बुजुर्गों की पैंशन काटी जा रही है।

बुढ़ापा पेंशन कोई भीख नहीं है, यह बड़े बुजुर्गों का सम्मान है। हम बुजुर्गों की पगड़ी झुकने नहीं देंगे। सडक से लेकर संसद और विधानसभा में बुलंद आवाज उठाई जाएगी व 15 फरवरी को सोनीपत में बडा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा की संवेदनहीन भाजपा सरकार से सवाल किया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लगभग 4 महीने पहले बुढ़ापा पेंशन 200 रु बढ़ाने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक वो मिल नहीं पाया, क्या वो सिर्फ जुमला था?
क्या बुजुर्गों का हक छीन कर हरियाणा सरकार अपनी तिजोरी भरना चाहती है। कैसी विडंबना है कि जो चल नहीं सकते, उनसे पेंशन क्यों छीन रहे हो? उन्होंने कहा कि क्या सरकार बताएगी कि कितने बुज़ुर्गों की पेंशन बंद/काटी गई? जिला-वार आंकड़े क्यों नहीं जारी किए जा रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की 3 लाख रूपये आय की कैप लगाकर लाखों बुजुर्गों के बुढ़ापे का सम्मान बुढ़ापा पेंशन काटने की तैयारी है।
एक अनुमान के मुताबिक लगभग 72000 बुजुर्गों की पेंशन कट जाएगी। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने 9 साल में 233 प्रतिशत पेंशन बढ़ाई वहीं भाजपा सरकार ने 12 सालों में भी सिर्फ 200 प्रतिशत ही बढ़ाई है। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा शनिवार को पलवल जिले की हथीन विधानसभा में विधायक इसराईल चौधरी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।