फरीदाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर शहरी स्थानीय निकाय के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार को उन्होंने निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान समाधान शिविर और सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब शहर में नियमित रूप से घरों से कूड़ा उठाने के साथ-साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पड़े कूड़े के ढेर भी तत्काल हटाए जाएं।
16 अक्टूबर तक सफाई व्यवस्था सुधारने का लक्ष्य
अशोक कुमार मीणा ने अधिकारियों को 16 अक्टूबर तक शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त करने का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इसके बाद शहर में किसी भी स्थान पर गंदगी या कूड़े का ढेर नजर नहीं आना चाहिए। यदि किसी जोन में गंदगी पाई जाती है तो इसके लिए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और शिकायत मिलने के बाद तत्काल उसका समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।
पांच करोड़ से अधिक के विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
आयुक्त ने इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कई विकास कार्यों की धीमी प्रगति के कारण मुख्यमंत्री के समक्ष जवाब देना मुश्किल हो जाता है। इसलिए संबंधित अधिकारी कार्यों की नियमित निगरानी करें और निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी को दूर करते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करवाएं।
आयुक्त ने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों दोनों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर गंभीरता से काम किया जाए।
