पलवल। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने होडल और हसनपुर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के करीब साढ़े 12 साल के शासन में हरियाणा विकास के कई महत्वपूर्ण मानकों में पिछड़ गया है, जबकि बीजेपी के संगठन और बैंक खातों में लगातार बढ़ोतरी हुई है।

सम्मेलन में AICC सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान की मौजूदगी में दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में न तो पर्याप्त चार लेन सड़कें बनीं, न नई यूनिवर्सिटी और स्कूलों का अपेक्षित विस्तार हुआ। उन्होंने कहा, “अगर कुछ बड़ा बना है तो बीजेपी के आलीशान पांच सितारा दफ्तर बने हैं। विकास हुआ है तो बीजेपी के बैंक अकाउंट में हुआ है।”
दीपेन्द्र हुड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस के लंबे शासन के बावजूद पार्टी के खाते में कुछ सौ करोड़ रुपये हैं, जबकि बीजेपी के खाते में घोषित रूप से करीब 15,000 करोड़ रुपये जमा हैं। उन्होंने बीजेपी पर देश की अर्थव्यवस्था को बड़े उद्योगपति घरानों के हवाले करने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री के चुनावी वादों पर निशाना
कांग्रेस सांसद ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे अब बीजेपी दूसरे राज्यों में भी दोहरा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में किसानों को धान की 3,100 रुपये एमएसपी, बुजुर्गों को 6,000 रुपये पेंशन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये देने और गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट देने जैसे वादे किए जा रहे हैं।

हुड्डा ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि ये वादे झूठे नहीं हैं तो पहले हरियाणा में ही इन्हें लागू करके दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की घोषित एमएसपी, बुजुर्गों को 6,000 रुपये पेंशन, HKRN कर्मचारियों को नियमित करने और महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ देने जैसे वादों को हरियाणा में पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वह जिस राज्य में चुनाव होता है, वहां पहुंच जाते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं। हुड्डा ने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद को बिहार का बेटा बताया और अब पंजाब में भी इसी तरह के वादे किए जा रहे हैं।
बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा को देश में विकास, प्रति व्यक्ति आय, निवेश, आर्थिक विकास, खेल, किसान हितैषी नीतियों और कानून-व्यवस्था के लिए जाना जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय हरियाणा में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट, आईएमटी, थर्मल पावर प्लांट, रेलवे लाइन, मेट्रो, विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय राजमार्ग जैसी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही थीं। उनके मुताबिक, उस दौर में हरियाणा में गुजरात की तुलना में कई गुना अधिक निवेश आ रहा था।
हुड्डा ने दावा किया कि वर्तमान सरकार के साढ़े 12 साल के बाद हरियाणा विकास के मामले में 15वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि बेरोजगारी, नशाखोरी और विदेश पलायन जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध बढ़ा है तथा जेलों से फिरौती की कॉल आने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बीजेपी के कुछ विधायकों और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार तथा अवैध कॉलोनियां काटने के आरोप भी लगाए।
चुनाव को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रखने का दावा
कांग्रेस सांसद ने पिछले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने साम, दाम, दंड और भेद का इस्तेमाल कर सत्ता हासिल की। उन्होंने चुनाव में कथित तौर पर कालेधन के इस्तेमाल और चुनाव आयोग के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। रोहतक लोकसभा सीट का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि उन्हें रोकने के लिए चुनाव के दौरान साजिश और षड्यंत्र किया गया, लेकिन लोकसभा चुनाव में जनता ने विपक्ष को बड़ी जीत दिलाई।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के मंत्री और सहयोगी दल लगातार उन्हें निशाना बना रहे हैं, क्योंकि वह जनता की आवाज उठाते हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा, “जब तक चुनावों में बीजेपी का सफाया नहीं होगा, हमारी गाड़ी का पहिया रुकने वाला नहीं है।”
सम्मेलन में ये नेता रहे मौजूद
कार्यकर्ता सम्मेलन में AICC सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, विधायक रघुबीर तेवतिया, प्रेम सिंह दलाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पलवल नेत्रपाल अधाना सहित कई स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनके अलावा देवेश, जगन डागर, तरुण तेवतिया, होडल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रिंस सौरोत, हसनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बैसला, और रघुबीर रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
