राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष प्रदान करेंगे उपाधियां और पदक
फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद का 6वां दीक्षांत समारोह 14 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष करेंगे। इस अवसर पर वर्ष 2024 और 2025 में विभिन्न पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए विश्वविद्यालय के 2,109 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 68 शोधार्थी भी शामिल हैं।
राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक), बेंगलुरु की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और दीक्षांत भाषण देंगे। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार स्वागत संबोधन के साथ विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान, नवाचार, आधारभूत ढांचे और विद्यार्थी विकास के क्षेत्र में हुई प्रमुख प्रगति की जानकारी दी जाएगी।
चार विद्यार्थियों को मिलेंगे राज्यपाल-कुलाधिपति और मुख्यमंत्री पदक
समारोह के दौरान वर्ष 2024 और 2025 के लिए दो-दो विद्यार्थियों को राज्यपाल-कुलाधिपति पदक और मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल-कुलाधिपति पदक के साथ 75 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री पदक के साथ 65 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। दोनों पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। इसके अलावा 19 विद्यार्थियों को कुलगुरु पदक से सम्मानित किया जाएगा।
चार नई परियोजनाओं का होगा शुभारंभ
दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय में चार महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं तकनीकी परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा। इनमें इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र, यूएवी एवं एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र, विजुअल डिजाइन एवं एनीमेशन स्टूडियो तथा दीनदयाल उपाध्याय नॉलेज रिसोर्स सेंटर लाइब्रेरी भवन शामिल हैं।
इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र को इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग ने हरियाणा सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग से प्राप्त अनुदान की मदद से विकसित किया है। यह केंद्र इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के क्षेत्र में विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उन्नत तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इसी तरह यूएवी एवं एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी में उत्कृष्टता केंद्र का विकास कम्युनिटी कॉलेज ऑफ स्किल डेवलपमेंट ने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से हरियाणा सरकार से प्राप्त अनुदान के माध्यम से किया है। यह राज्य में अपनी तरह की अग्रणी पहल है, जहां मानवरहित हवाई यान, काउंटर-यूएएस और एंटी-ड्रोन तकनीक से जुड़े प्रशिक्षण एवं अनुसंधान को एक मंच पर लाया गया है।
विजुअल डिजाइन एवं एनीमेशन स्टूडियो भी होगा शुरू
कम्युनिकेशन एवं मीडिया टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा विकसित विजुअल डिजाइन एवं एनीमेशन स्टूडियो का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस स्टूडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को विजुअल कम्युनिकेशन, डिजिटल मीडिया, एनीमेशन और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं पेशेवर कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
छह मंजिला नॉलेज रिसोर्स सेंटर बनेगा शैक्षणिक केंद्र
दीक्षांत समारोह का एक प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय के नवनिर्मित छह मंजिला दीनदयाल उपाध्याय नॉलेज रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन भी होगा। इस भवन में विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय, प्रबंधन अध्ययन विभाग, स्थापना एवं परीक्षा शाखा सहित विभिन्न प्रशासनिक शाखाएं और शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए कक्षाएं संचालित होंगी।
इस भवन की आधारशिला हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 23 अक्टूबर 2021 को रखी थी। नवनिर्मित नॉलेज रिसोर्स सेंटर को विश्वविद्यालय के प्रमुख शैक्षणिक एवं बौद्धिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक पुस्तकालय, अध्ययन तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अवसर
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय का 6वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की उभरती प्रौद्योगिकियों, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास और उद्योगोन्मुख शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगा। चार नई परियोजनाओं के शुभारंभ से विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
