दस लाख से ज्यादा कार्ड धारकों को बाजरे की जगह मिलेगा एक किलो गेहूं

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। सरकारी राशन दुकानों पर अक्टूबर माह में वितरित किया जाने वाला बाजरा समय पर सरकारी खरीद न होने के कारण राशन कार्ड धारकों तक नहीं पहुंच सका। अब बाजरे के स्थान पर प्रत्येक पात्र राशन कार्ड सदस्य को एक किलो अतिरिक्त गेहूं दिया जाएगा। इससे जिले के करीब 10.10 लाख राशन कार्ड सदस्य लाभान्वित होंगे।

बाजरे के स्थान पर गेहूं वितरित करने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जोन स्तर पर अतिरिक्त गेहूं का उठान जल्द शुरू किया जाएगा। विभाग की कोशिश है कि 10 अक्टूबर तक करीब 10.10 लाख किलो अतिरिक्त गेहूं जिले की सरकारी राशन दुकानों तक पहुंचा दिया जाए।

फरीदाबाद जिले में कुल 645 सरकारी राशन दुकानें हैं। इन्हें एनआईटी फरीदाबाद, फरीदाबाद और बल्लभगढ़—तीन जोन में बांटा गया है। इन दुकानों के माध्यम से करीब 10.10 लाख राशन कार्ड सदस्यों को प्रति सदस्य पांच किलो गेहूं दिया जाता है। सरकार की योजना के तहत सितंबर और अक्टूबर का राशन सितंबर में ही डिपो होल्डरों तक पहुंचा दिया गया था। हालांकि उस समय गेहूं की मात्रा प्रति सदस्य एक किलो कम भेजी गई थी, क्योंकि योजना के तहत उस एक किलो की जगह बाजरा दिया जाना था।

बाजरा नहीं पहुंचने के कारण राशन वितरण में स्थिति अलग-अलग रही। जिले के कुछ डिपो होल्डरों ने सितंबर और अक्टूबर के राशन का गेहूं नौ किलो प्रति सदस्य के हिसाब से वितरित कर दिया, जबकि कुछ डिपो होल्डरों ने बाजरा आने की उम्मीद में गेहूं का वितरण रोक दिया था। अब सरकार ने बाजरे की खरीद नहीं हो पाने के कारण बाजरा वितरण की व्यवस्था वापस ले ली है। इसके बाद बाजरे के स्थान पर गेहूं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सभी डिपो होल्डरों के स्टॉक का मिलान कर रहा है। स्टॉक रजिस्टर के आधार पर यह तय किया जा रहा है कि किस डिपो को कितनी अतिरिक्त मात्रा में गेहूं उपलब्ध कराया जाना है। इसके बाद एक किलो प्रति सदस्य के हिसाब से गेहूं जारी करने के लिए रिलीज ऑर्डर जारी किए जाएंगे। इसके लिए स्टॉक लिस्ट तैयार की जा रही है और जल्द ही अतिरिक्त गेहूं डिपो होल्डरों तक पहुंचाया जाएगा।

विभाग के अनुसार सितंबर माह का राशन लगभग सभी डिपो होल्डर वितरित कर चुके हैं। अक्टूबर माह का कुछ गेहूं अभी भी ऐसे डिपो होल्डरों के पास है, जिन्होंने बाजरा आने के इंतजार में वितरण नहीं किया था। अब उन्हें गेहूं उपलब्ध कराकर इसी माह राशन वितरण पूरा कराया जाएगा। वीरेंद्र भाटी, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, ने बताया कि बाजरे के स्थान पर एक किलो गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top