राज्य मंत्री राजेश नागर ने ठेकेदारों को समय पर काम पूरा करने की चेतावनी दी

तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा, लापरवाही करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर ने शुक्रवार को तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सेक्टर-16 स्थित सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में नगर निगम अधिकारियों, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ठेकेदारों के साथ विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों से एक-एक विकास कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही जिन नए विकास कार्यों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके जल्द से जल्द टेंडर जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

राज्य मंत्री ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। सड़क, सीवर, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बैठक में मौजूद ठेकेदारों को भी राज्य मंत्री राजेश नागर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों की गति बढ़ाएं और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में काम पूरा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि काम में अनावश्यक लापरवाही या लगातार देरी करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।

राज्य मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आशीर्वाद से तिगांव विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्य समय पर पूरे होने से इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक देरी या अड़ंगा लगाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में भाजपा नेता सुधीर नागर, जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार प्रजापति, जॉइंट कमिश्नर अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर, पार्षद एवं फाइनेंस कमेटी सदस्य प्रदीप टोंगर, पार्षद लाल मिश्रा, सहित क्षेत्र के सभी एसडीओ, जेई और संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top