फरीदाबाद। शहर की एनआईटी नंबर-1 कपड़ा मार्केट में बुधवार रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रात करीब 11 बजे एक कपड़े की दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास की तीन अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से चार दुकानों में रखा कपड़ों का सामान जलकर खाक हो गया। दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रात 12:30 बजे आग पर काबू पाया।

फैशनो दुकान से शुरू हुई आग
जानकारी के अनुसार, एनआईटी-1 मार्केट में बुधवार रात करीब 11 बजे फैशनो दुकान में आग लगी थी। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास स्थित आहुजा कलेक्शन, रिवाज हट समेत कुल चार कपड़ों की दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। दुकानों में कपड़े और अन्य सामान रखे होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ इसे आसपास की दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग के कारण बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदारों व स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
नुकसान का आकलन बाकी, कोई हताहत नहीं
इस घटना में चार दुकानों में रखा सामान जलने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
