नई दिल्ली। मारुति सुजुकी ने अपनी प्रीमियम हैचबैक बलेनो को नए अपडेट के साथ पेश किया है। नई बलेनो में मुख्य रूप से फ्रंट डिजाइन, फीचर्स और ड्राइविंग सेफ्टी टेक्नोलॉजी में बदलाव किए गए हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा इसके नए 3-सिलेंडर 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन को लेकर हो रही है। पहले बलेनो 4-सिलेंडर इंजन के साथ आती थी।

फ्रंट डिजाइन में बदलाव
नई बलेनो के साइड और रियर प्रोफाइल को लगभग पहले जैसा ही रखा गया है। सबसे ज्यादा बदलाव कार के फ्रंट हिस्से में देखने को मिलते हैं। कंपनी ने ग्रिल को पहले की तुलना में थोड़ा बड़ा किया है और लोअर बंपर को नया डिजाइन दिया है। इसके अलावा ब्लैक पियानो फिनिश और फॉग लैंप के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। हेडलैंप का डिजाइन पहले जैसा ही है। कार में एलईडी डीआरएल और एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप दिए गए हैं। नए मॉडल में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) लेवल-2 भी पेश किया गया है, जिसके लिए फ्रंट में रडार और विंडशील्ड पर कैमरा लगाया गया है।
16-इंच अलॉय व्हील और 360 डिग्री कैमरा
कार के साइड प्रोफाइल में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। इसमें पहले की तरह 16-इंच अलॉय व्हील मिलते हैं। इसके अलावा इंटीग्रेटेड टर्न इंडिकेटर, 360 डिग्री कैमरा, क्रोम डोर हैंडल और रिक्वेस्ट सेंसर जैसे फीचर्स मिलते हैं। नई बलेनो में 37 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है और यह E20 फ्यूल के लिए कंपैटिबल है।

माइलेज में भी बढ़ोतरी का दावा
नई बलेनो केवल पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध है। मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ कंपनी करीब 23 किलोमीटर प्रति लीटर का दावा करती है, जबकि AMT वेरिएंट में यह आंकड़ा करीब 24.5 किलोमीटर प्रति लीटर बताया गया है। सीएनजी वर्जन में कंपनी करीब 33 किलोमीटर प्रति किलोग्राम की माइलेज का दावा करती है। हालांकि, वास्तविक परिस्थितियों में करीब 28-29 किलोमीटर प्रति किलोग्राम की माइलेज मिलने की बात कही गई है।
इंटीरियर में वेंटिलेटेड सीट्स समेत कई फीचर्स
नई बलेनो के केबिन में भी कुछ महत्वपूर्ण फीचर्स जोड़े गए हैं। फ्रंट में ड्राइवर और को-ड्राइवर दोनों के लिए वेंटिलेटेड सीट्स दी गई हैं। इसके साथ वायरलेस चार्जर, यूएसबी पोर्ट, 12 वोल्ट चार्जिंग सॉकेट और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं। इंफोटेनमेंट सिस्टम में वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो का सपोर्ट दिया गया है। नई बलेनो में पहली बार टीपीएमएस यानी टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी शामिल किया गया है।

ADAS लेवल-2 बना बड़ा आकर्षण
नई बलेनो की सबसे महत्वपूर्ण खूबियों में से एक इसका ADAS लेवल-2 सिस्टम है। इसके तहत कार में अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन असिस्ट और इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। कार में 360 डिग्री कैमरा भी दिया गया है, जिसकी मदद से पार्किंग और आसपास की बाधाओं को देखने में सुविधा मिलती है।
पीछे यात्रियों के लिए भी पर्याप्त जगह
रियर सीट पर यात्रियों के लिए पर्याप्त नी-रूम और हेडरूम दिया गया है। हालांकि, अगर आगे और पीछे दोनों जगह करीब 6 फीट लंबे यात्री बैठे हों तो स्पेस थोड़ा सीमित महसूस हो सकता है। रियर में एसी वेंट्स, टाइप-सी पोर्ट और यूएसबी पोर्ट दिए गए हैं। म्यूजिक सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है और अब 6-स्पीकर क्लैरियन म्यूजिक सिस्टम मिलता है।

3-सिलेंडर इंजन पर सबसे ज्यादा सवाल
नई बलेनो में सबसे बड़ा बदलाव इसका इंजन है। इसमें 1.2 लीटर, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो मारुति की स्विफ्ट में भी इस्तेमाल होता है। यह इंजन करीब 82.9 पीएस की अधिकतम पावर और 112 न्यूटन मीटर का टॉर्क पैदा करता है। पुराने इंजन की तुलना में पावर में करीब 8-9 पीएस की कमी आई है। हालांकि, इस बदलाव का वास्तविक ड्राइविंग अनुभव कितना अलग होगा, यह सड़क पर कार चलाने के बाद ही बेहतर तरीके से सामने आएगा। नए इंजन से माइलेज में सुधार की उम्मीद भी जताई जा रही है।
सुरक्षा में 6 एयरबैग समेत कई फीचर्स
सुरक्षा के लिहाज से नई बलेनो में 6 एयरबैग, एबीएस, ईबीडी, ईएसपी, ट्रैक्शन कंट्रोल और फ्रंट डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स दिए गए हैं। रियर में ड्रम ब्रेक मिलते हैं। पुरानी बलेनो को भारत एनकैप में 4-स्टार रेटिंग मिली थी, जबकि नए मॉडल की भारत एनकैप रेटिंग अभी सामने नहीं आई है। नए मॉडल में ADAS जैसी अतिरिक्त सुरक्षा तकनीक जरूर जोड़ी गई है।
कीमत 6.09 लाख रुपये से शुरू
नई बलेनो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.09 लाख रुपये बताई गई है। यह शुरुआती फेस्टिव प्राइस है। हालांकि, ADAS से लैस टॉप वेरिएंट की कीमत अभी कंपनी ने घोषित नहीं की है। नई बलेनो में जहां डिजाइन में सीमित बदलाव किए गए हैं, वहीं ADAS लेवल-2, वेंटिलेटेड सीट्स, टीपीएमएस और नए 3-सिलेंडर इंजन जैसे बदलाव इसे पुराने मॉडल से अलग बनाते हैं। अब देखना होगा कि ग्राहक नए इंजन और अपडेटेड फीचर्स को कितना पसंद करते हैं।
