अम्बाला। नगर निगम ने संपत्ति कर के बकायादारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अब सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने वन विभाग के कार्यालय को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर भवन को सील किया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, वन विभाग की ओर करीब 45 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया था। निगम का दावा है कि विभाग की ओर से लंबे समय से टैक्स का भुगतान नहीं किया गया था। बकाया राशि की वसूली के लिए विभाग को नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन निर्धारित समय में कोई जवाब नहीं दिया गया।
नगर निगम की टीम ने बताया कि नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं होने और विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निगम की कार्रवाई बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए की जा रही है और सरकारी विभागों को भी इसमें किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया। मौके पर संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे। निगम अधिकारियों के मुताबिक, विभाग की ओर से टैक्स भुगतान नहीं किए जाने की बात रिकॉर्ड की जांच में भी सामने आई है। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद टैक्स बकायादारों में हड़कंप मच गया है। निगम ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अन्य बड़े बकायादारों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है।
