तिगांव में बुलेट प्रूफ वाहन तैयार करने वाली वर्कशॉप का निरीक्षण, चार वाहन मिले

फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद की टीम ने रविवार को थाना तिगांव क्षेत्र में वाहनों को बुलेट प्रूफ बनाने वाली एक वर्कशॉप का निरीक्षण किया। टीम को सूचना मिली थी कि तिगांव गांव में ईएसएसआर पेट्रोल पंप के नजदीक स्थित एक वर्कशॉप में वाहनों को बुलेट प्रूफ बनाने का काम किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की टीम ने थाना तिगांव पुलिस के साथ संयुक्त रूप से वर्कशॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान वर्कशॉप में चार वाहन खड़े मिले। इनमें दो टोयोटा फॉर्च्यूनर और दो स्कॉर्पियो वाहन शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि दो स्कॉर्पियो वाहनों में बुलेट प्रूफिंग का काम लगभग पूरा हो चुका था, जबकि दो अन्य वाहनों में भी बुलेट प्रूफिंग का कार्य किया जा रहा था। वाहनों में स्टील शीट और बुलेट प्रूफ शीशे लगाए जाने का काम चल रहा था।

मौके पर वर्कशॉप संचालक प्रमोद कुमार, निवासी सेक्टर-3, बल्लभगढ़, भी मौजूद मिला। संयुक्त टीम ने उससे वाहनों को बुलेट प्रूफ बनाने के लिए आवश्यक अनुमति और एनओसी के संबंध में जानकारी मांगी। पुलिस के अनुसार, संचालक मौके पर ऐसी कोई वैध अनुमति या एनओसी प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद थाना तिगांव पुलिस ने वर्कशॉप में मिले चारों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन वाहनों को किस उद्देश्य से बुलेट प्रूफ बनाया जा रहा था और वर्कशॉप संचालक के पास इस कार्य के लिए आवश्यक अनुमति थी या नहीं।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top