सोनीपत, (प्राइम न्यूज़ ब्यूरो)। जीवीएम गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत में वेब डिजाइनिंग विषय पर छह-सप्ताहीय उद्यमिता पाठ्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल कौशल और उद्यमशील सोच से सशक्त बनाना था, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और डिजिटल क्षेत्र में स्वरोजगार एवं स्टार्ट-अप के अवसरों को पहचान सकें।

कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. परूथी और प्राचार्या डॉ. मंजुला स्पाह के मार्गदर्शन में आयोजित इस पाठ्यक्रम ने छात्राओं को नई दिशा दी। उनके उत्साहवर्धन से छात्राओं ने पूरे मनोयोग से भाग लिया और सीखने का भरपूर लाभ उठाया।
कार्यक्रम के समन्वयक राकेश जुनेजा ने छात्राओं को बताया कि वे ग्राफिक डिजाइनिंग, वेब डिजाइनिंग और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में स्वयं का कार्य शुरू कर सकती हैं। उन्होंने उन्हें LinkedIn जैसे प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म पर रिज़्यूमे अपलोड करने, पेड इंटर्नशिप एवं प्रोजेक्ट्स से आय अर्जित करने और Instagram व Facebook जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से अपने कार्य का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्या डॉ. मंजुला स्पाह ने कहा कि इस पाठ्यक्रम में छात्राओं को ग्राफिक डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, वेबसाइट डिजाइनिंग और डिजिटल पब्लिशिंग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण की शुरुआत मूल अवधारणाओं से की गई और धीरे-धीरे उन्नत तकनीकों तक पहुँचाया गया। सभी सत्र इंटरैक्टिव और हैंड्स-ऑन रहे, जिससे छात्राओं को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ और उनकी रचनात्मक व तकनीकी क्षमताओं का विकास हुआ।
कार्यक्रम में स्टाफ सदस्य प्रीति, अंशु, रितु, डॉ. मोनिका और पारुल भी उपस्थित रहीं और उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। यह छह-सप्ताहीय पाठ्यक्रम छात्राओं के लिए डिजिटल आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।