गोपाल हत्याकांड: मां और उसके प्रेमी की साजिश की जानकारी होने के बावजूद चुप रही बेटी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

फरीदाबाद, (सरूप सिंह)। पल्ला थाना क्षेत्र में 14 अक्टूबर की रात हुए गोपाल हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती शालिनी मृतक गोपाल की सौतेली बेटी है। पुलिस के अनुसार, शालिनी को अपनी मां काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र की हत्या की साजिश की जानकारी थी, लेकिन उसने कथित तौर पर न तो पुलिस को इसकी सूचना दी और न ही गोपाल को सतर्क किया।

मामले में काजल और योगेंद्र को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश

पुलिस जांच के मुताबिक, गोपाल की हत्या से चार दिन पहले, 10 अक्टूबर को भी उसे मारने की कोशिश की गई थी। आरोप है कि योगेंद्र उसे खाटूश्याम घुमाने के बहाने जेवर ले गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और गमछे से गला कस दिया गया। गोपाल को मृत समझकर आरोपी उसे खेतों में छोड़कर लौट आया।

घटना की जानकारी होने पर भी नहीं दी सूचना

हमले के बाद होश आने पर गोपाल ने स्थानीय लोगों की मदद से अपनी पत्नी काजल को फोन किया। इसके बाद शालिनी उसे जेवर से लेकर आई। पुलिस का दावा है कि शालिनी को पहले हमले और कथित साजिश की जानकारी थी, लेकिन इसके बावजूद उसने गोपाल को पुलिस के पास ले जाने के बजाय फरीदाबाद की श्याम कॉलोनी में अपने एक रिश्तेदार के घर पहुंचा दिया। जांच के अनुसार, दो दिन बाद काजल वहां पहुंची और उसके पीछे योगेंद्र भी आ गया।

आरोप है कि 14 अक्टूबर की रात दोनों ने गोपाल की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या से पहले काजल ने शालिनी को सोनीपत में किसी स्थान पर भेज दिया था।

करीब तीन साल पहले बढ़ीं थीं नजदीकियां

परिजनों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर निवासी गोपाल पिछले करीब 20 वर्षों से फरीदाबाद की एक कपड़ा फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। करीब 16 साल पहले उसने काजल से कोर्ट मैरिज की थी। काजल की पहली शादी से एक बेटी शालिनी थी। गोपाल और काजल के तीन बच्चे भी हैं। आरोप है कि करीब तीन साल पहले गोपाल के दोस्त योगेंद्र की काजल से नजदीकियां बढ़ने लगीं।

परिवार को इस संबंध की जानकारी करीब एक साल पहले हुई, जिसके बाद घर में विवाद भी हुआ था।

पूछताछ में काजल ने कबूला जुर्म

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में काजल ने गोपाल पर घर में बदमाशों के घुसने और उसके साथ मारपीट करने की कहानी बताई थी। हालांकि, पूछताछ के दौरान उसने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Prime Haryana
Author: Prime Haryana

Information with Confirmation

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top